Skip to main content

"धोबी घाट" एक अनूठा एहसास


"धोबी घाट" एक एहसास है… कभी ख़ुद पर गुज़रने वाली तन्हाई का तो कभी बेवजह बेमतलब की ख़ुशियों का। किरण राव की ये फिल्म हिंदी फिल्मों के अब तक के सारे फॉर्मुलों से अलग हटकर इंसानी जज़्बातों को उकेरती हुई अपने हर फ्रेंम में बदलते रिश्तों के मायने दिखाती है। "धोबी घाट" उन सभी छोटे-बड़े फिल्ममेकर्स के लिए एक सबक है जो अच्छी और विश्वस्तरीय फिल्में बनाना चाहते हैं मगर नाकाम होने के डर से अपनी सोच को पर्दे पर नहीं उतार पाते। हिंदी सिनेमा बदल रहा है और हमारी इस सोच को ये फिल्म और पुख़्ता करती है। फिल्म किस कदर प्रयोगवादी और सरल है इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि "धोबी घाट" देखने के बाद उत्साहित होकर मेरे एक मित्र की प्रतिक्रिया आई "मन में आ रहा है कि अपना डिजी कैम उठाकर वो सब शूट करूं जो मैं बरसो से करना चाहता हूं" मैनें पूछा "देखेगा कौन? उसका जवाब आया "यू ट्यूब पर अपलोड करूंगा लोग देखेंगे फेसबुक पर मेरे दोस्त देखेंगे" सच मानिए मुझे अब लगता है सचमुच कुछ बेहतर होगा। ऐसी फिल्में हमारे सिनेमा को गहराई देंगी। और उन बहुत से लोगों को रास्ता दिखाएगी जो कुछ नया करना चाहते है। फिल्म देखकर सही मायनों में लगता है कि अच्छी और दिलचस्प कहानियां हमारे आस-पास ही बिखरी होती है। बस ज़रूरत है उन्हे पर्दे पर एक मौका देने की। अगर दिमाग़ में हमेशा मुग़ल-ए-आज़म बना के चलेंगे तो कई सुंदर और सहज कहानियां छूट जाएगी। हमें ज़रूरत है आस-पास बिखरी कहानियों को सहेजने की। फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया मिली जुली रही। वैसे पसंद-नापसंद अलग बात है... मैं ख़ुद भी अगर फिल्म का रीव्यू कर रहा होता तो इसके मनोरंजक न होने की वजह से दो स्टार काट लेता। लेकिन थोड़ा ऊपर उठकर सोचूं और विश्व सिनेमा की कुछ बेहतरीन फिल्मों को याद करूं तो लगता है हर चीज़ मनोरंजक हो जरूरी नहीं। फिल्म की रिलीज़ से पहले अपने हर एक इंटरव्यूह में आमिर ख़ान ने साफ़ शब्दों में कहा था कि ये फिल्म रेग्यूलर बॉलीवुड दर्शकों को पसंद नहीं आएगी। हो भी वैसा ही रहा है फिल्म एक ख़ास दर्शक वर्ग को पसंद आ रही है। ये वो दर्शक है जो कुछ अलग और दिलचस्प देखने के लिए वर्ल्ड सिनेमा की ओर रुख़ करते हैं। मुंबई में रहने वाले चार अलग-अलग लोगों की ज़िंदगी को बयां करती ये फिल्म ज़िंदगी का अकेलापन भी दिखाती है और अचानक आने वाला उत्साह भी। मुन्ना के किरदार में प्रतीक बब्बर सबसे आगे निखर कर आए है। एक निचले तबके के युवा के सपने, झीझक, खीझ और रुमानियत को उन्होंने बेहतरीन तरीके से परदे पर उतारा है। शाय के रोल में मोनिका डोगरा ताज़गी का का एहसास कराती है। बेहद नैसर्गिक अभिनय और उतनी ही ख़ूबसूरत। यास्मीन के किरदार में छली गई एक युवती का दर्द है। वहीं पेंटर अरूण के किरदार में आमिर ने अपने परफेक्शन को कायम रखने की पूरी कोशिश की है। आप अगर फिल्म देखते वक्त ख़ुद को किसी एक किरदार में ढाल कर देखे तो बहुत मज़ा आएगा। वैसे फिल्म की कमज़ोर कड़ी आमिर ख़ान ही है। अन्होंने किरदार में रहकर बहुत ही अच्छा अभिनय किया है। लेकिन दर्शकों की अपेक्षाएं अपने प्रिय सुपरस्टार से कुछ ज़्यादा की थी। शायद 3 इडियट्स से भी ज़्यादा मनोरंजन की। ये इस किरदार की ख़ासियत है जो अनमनी सी लगती है। अगर आमिर को अलग रखकर इस किरदार को समझे तो ये किरदार ख़ुद से नाराज़ और नाशाद है। हर चीज़ के लिए उसके रवैया अनमना और झुंझलाया हुआ है। आमिर ने तो बस इसे जस का तस प्रस्तुत कर दिया। फिल्म के संवाद वैसे ही है जैसे आम ज़िंदगी में बोले जाते है। यहां आमिर के बारे में एक बात गौर करनी होगी। अपनी अब तक की फिल्मों में आमिर एक महान Protagonist बने नजर आए हैं। जो अपने आस-पास मौजूद आम लोगों को कुछ बड़ा करने के लिए प्रेरित करते हैं। फिर चाहे सरफ़रोश हो, लगान हो, रंग दे बसंती हो या फिर 3 इडियट्स। हमें आदत है उन्हें परदे पर बड़ा काम करते देखने की। वहीं ”धोबी घाट” में एक संजीदा लेकिन ख़ुद से असंतुष्ट पेंटर के किरदार में वो दर्शकों को शायद हज़म न हुए हो। असल में आमिर ने जान बूझकर अपने स्टारडम से निकलने का प्रयास किया है जो शायद ख़तरनाक हो सकता था। लेकिन कुछ अलग और नया करना उनकी आदत में शुमार है। और तय है वो आगे भी इससे बाज़ नहीं आएंगे। वैसे मुंबई को वास्तविकता के साथ प्रस्तुत करने के लिए किरण राव और उनकी तकनीकि टीम बधाई की पात्र है। कुल मिलाकर “धोबी घाट” एक नया और यादगार अनुभव है।

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

हिंदी मीडियम - पार्ट 2 (फाल्के सर और वो थप्पड़)

पैंतीस-चालीस या उससे भी कुछ ज़्यादा बच्चों से भरी हुई क्लास.. उनमें से हर एक की गोद में खुली हुई इंग्लिश की बुक और उसका लेसन नंबर 3 या 4... वही जॉन, डेविड, राम और लीला टाइप किरदारों के बहाने अंग्रेजी के बेहद घिसे हुए और उबाऊ वाक्यों का पाठ... कुछ बच्चे सामने लोहे की फोल्डिंग कुर्सी पर बैठे फाल्के सर की तरफ गौर से देख रहे हैं और कुछ अपनी क़िताब में दो आंखें गढ़ाए फिरंगियों की ज़ुबान के अजीब उच्चारण और उन शब्दों की स्पेलिंग को समझने की कोशिश कर रहे हैं.. इधर मेरे बाएं कान में खुजली मची हुई है और मैं अपने नए खरीदे हुए रेनॉल्ड्स पैन के नीले ढक्कन से खुजली शांत कर रहा हूँ... क्लास के बाहर नज़र दौड़ाने पर मैं वही रोज़ जैसा माहौल पाता हूँ... स्कूल के साथ वाले नाले में बेशरम के पौधे फिर तेज़ी से बढ़ने लगे हैं.. उन पर हल्क़े नीले रंग के मगर फिर भी बदसूरत से फूल झूल रहे हैं.. कई बार इसी बेशरम की हरी डंडियों से मास्साब हमारी हथेलियां और पुट्ठे लाल कर चुके हैं.. सच तो यह कि मुझे इस हरी कच्च बेशरम से बेहद कोफ़्त होती है.. (क्रिकेट खेलते हुए हमारी कितनी ही गेंदें उस बेशरम के नीचे जमे गंदे बदबूदार कीचड मे...

जैक्सन जैसा कोई नहीं....

26 जून 2009, हर रोज़ की तरह ही सुबह-सुबह तैयार होकर ऑफिस के लिए निकलता हूं। सड़क पर आकर रिक्शा लिया ही था कि अपने दोस्त रामेश्वर मिश्रा का एसएमएस पाता हूं। पढ़ने पर पता चला कि किंग ऑफ पॉप नहीं रहे। पहले तो यकीन नहीं आया... क्योंकि कई बार एमजे की मौत पर इस तरह की ख़बरें सुन चुका था जो कि बाद में महज़ अफवाह साबित हुई। लेकिन बात एमजे की थी इसलिए वापस रामेश्वर को फोन लगाकर पूछता हूं। वो ख़बर को पुख़्ता बताता है.... वो भी बीबीसी के हवाले से। फिर भी पूरा यकीं नही आता और अपने मित्र और गुरु भूपेंद्र सोनी को फोन लगाकर टीवी देखने को कहता हूं और कुछ देर बाद वो ख़बर को सच बताते है। ऑफिस तक आते-आते कई सारे विचार आते है... सबसे पहला ये कि अपने शो में एमजे को किस तरह से आख़िरी सलाम दूं जबकि मेंरे पास सिर्फ एक दिन है। वहीं पहले से तैयार सारे पैकेजस भी बदलने पड़ते। ऑफिस के अंदर दाखिल होने पर पता चला कि अपने शो के अलावा शाम को भी माइकल पर आधे घंटे का स्पेशल करना है। आनन-फानन में लिखने बैठता हूं लेकिन दिल और दिमाग़ काम नहीं करता... और ना ही अंगुलिया चलती है की-बोर्ड पर। और चले भी कैसे ? माइकल जैसे महान औ...

ख़तरनाक है देशभक्ति फिल्मों के प्रति दर्शकों की उदासीनता

करीब 10 महीने बाद ब्लॉग लिखने बैठा हूं। आप समझिए कि बस इस कदर मजबूर हुआ कि रहा नहीं गया। बीते रविवार मुंबई में था जहां मैं आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘खेलें हम जी जान से’ देखने पहुंचा। गौरतलब है कि नौकरी छोड़ने के बाद मैने फिल्में देखना कम कर दिया है। बहुत सारे फिल्म पंडितों के विचार जानने और समीक्षाएं पढ़ने के बाद मैने फिल्म देखी। अफ़सोस केवल अजय ब्रह्मात्मज जी ने ही अपनी समीक्षा में फिल्म की प्रशंसा की। वहीं अंग्रेजी भाषा के सभी फिल्म समीक्षकों से तो आशुतोष की भरपूर आलोचना ही सुनने और देखने को मिली। फिल्म के निर्देशन, पटकथा, संवाद और लंबाई को लेकर सभी ने अपनी ज़ुबान हिला-हिला कर आशुतोष को कोसा। ये आलोचक भूल गए कि जो विषय परदे पर है वो अब से पहले अनछूआ था। जो किरदार आंखों के सामने हैं उनसे ये फिल्म पंडित खुद भी अंजान थे। क्या ये बड़ी बात नहीं कि श्रीमान गोवारिकर ने ऐसे ग़ुमनाम नायकों को सामने लाने की कोशिश की जिनसे हमारा परिचय ही नही था। सूर्ज्यो सेन का ज़िक्र इतिहास की किताबों में चार लाइनों से ज़्यादा नहीं है। बाकी के किरदार तो छोड़ ही दीजिए... क्योंकि इनसे तो सभी अनजान थे। दर्शक भी इ...