Skip to main content

मुस्लिम किरदार और हिंदी सिनेमा....


बदन पर शेरवानी... हाथों में गजरा... और लड़खड़ाते कदमों के साथ शहर में किसी तवायफ के कोठे पर मुजरा सुनने पहुंचे नवाब साहब। हिंदी सिनेमा में अगर मुस्लिम किरदारों को याद करें तो.... ज़ेहन में अक्सर बस ये ही एक तस्वीर उभरती है। ये किरदार आज के ख़ान की तरह नहीं और न ही 3 इडियट्स के फरहान की तरह है। 1950 और 60 के दशक के ये मुस्लिम किरदार बेशक अपने दौर की कहानी पूरी ईमानदारी से नहीं कहते मगर फिर भी इनकी अहमियत कम नही होती। अगर आप बॉलीवुड फिल्मों के शुरूआती दौर में मुस्लिम किरदारों को देखें, तो ये कभी अक़बर बने नज़र आते है तो कभी सलीम या शाहजहां। यहां से थोड़ा आगे बढ़े तो इनकी नवाबी शान-ओ-शौकत और जलवा फिल्मों में ख़ूब दिखाई देता है। शायद लेजेंडरी डायरेक्टर गुरूदत्त पर भी ये ही जलवा असर कर गया, तभी वो फिल्म चौदहवी का चांद में लखनऊ के मुस्लिम कल्चर और किरदारों को इतना करीब से छू पाएं। हालांकि गुरू दत्त की ही एक और फिल्म प्यासा में एक मालिश वाले सत्तार का किरदार कुछ दूसरी ही तस्वीर पेश करता है। इस पूरी फिल्म में बस सत्तार ही एक किरदार है जो दर्शकों को मुस्कुराने का मौका देता है। फिल्म काबुलीवाला में बलराज साहनी का पठानी अंदाज़ भी बिल्कुल अलग कहानी कहता है। 70 और 80 के दशक में बनी मसाला फिल्मों में मुस्लिम किरदारों पर भी नया रंग चढ़ा नज़र आता है। ज़जीर का शेर ख़ान अपनी यारी को ईमान मान कर उस पर जान देने को भी तैयार है तो वहीं अमर और एंथनी के बीच अक़बर अपनी शेरो-शायरी और कव्वाली से पर्दानशीनों के होश उड़ाता नज़र आता है।

इसी दौर में पाकीज़ा और उमराव जान जैसी फिल्मों में तवायफ़ो की ज़िदगी बयां होती है तो वहीं निकाह मुस्लिम समाज में तलाक़ जैसे संजीदा मुद्दे को दिखाती है। 90 के दशक के बीच में बॉलीवुड फिल्मों में कश्मीर और आतंकवाद ने अपनी जगह बना ली। जिससे फिल्मों में मुस्लिम किरदार भी पूरी तरह बदल गए। इनमें ज़्यादातर आतंकवादी बने नज़र आने लगे। मणिरत्नम की रोज़ा और बॉम्बे इसका बेहतरीन नमूना है। सरफ़रोश के इन्सपेक्टर सलीम और मिशन कश्मीर जैसी फिल्मों में मौजूद मुस्लिम किरदारों को देश के लिए अपनी वफ़ादारी साबित करने की ज़रूरत पड़ती है। इसी दौरान फिज़ा में अपने आतंकी भाई को तलाशती बहन और महेश भट्ट की ज़ख़्म में मुस्लिम मां से जन्में बेटे की संजीदा कहानी उभर कर आती है। मौजूदा दशक की बात करें तो नागेश कूकनूर की इक़बाल सिल्वरस्क्रीन पर आतंकी किरदारों को ख़त्म एक मु्स्लिम युवा के सपनों को दिखाती है। जबकि शिमीत अमीन की चक दे इंडिया में एक बार फिर शक़ के दायरे में घिरे मुस्लिम खिलाड़ी को देश के लिए अपनी वफ़ादारी साबित करने की ज़रूरत पड़ती है। लगभग 100 साल के हो चले हिंदी सिनेमा में हमेशा ही मुस्लिम किरदार अपनी ख़ास पहचान के साथ ही नज़र आते रहे है। लेकिन 3 इडियट्स में फऱहान का किरदार ज़रूर दूसरे आम लोगों की तरह नज़र आता है। शायद माय नेम इज़ ख़ान बॉलीवुड में मुस्लिम किरदारों के लिए एक नए दौर की शुरूआत कर सके।

Comments

  1. aapne kaafi sahi aur achha likha hai...lagta hai filmei kaafi qareeb se dekhte hain aap

    ReplyDelete
  2. दोस्त तुम लगातार सोच रहे हो, लिख रहे हो... अच्छा लगा।

    अच्छा लेख। शुभकामनाएं ।।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

हिंदी मीडियम - पार्ट 2 (फाल्के सर और वो थप्पड़)

पैंतीस-चालीस या उससे भी कुछ ज़्यादा बच्चों से भरी हुई क्लास.. उनमें से हर एक की गोद में खुली हुई इंग्लिश की बुक और उसका लेसन नंबर 3 या 4... वही जॉन, डेविड, राम और लीला टाइप किरदारों के बहाने अंग्रेजी के बेहद घिसे हुए और उबाऊ वाक्यों का पाठ... कुछ बच्चे सामने लोहे की फोल्डिंग कुर्सी पर बैठे फाल्के सर की तरफ गौर से देख रहे हैं और कुछ अपनी क़िताब में दो आंखें गढ़ाए फिरंगियों की ज़ुबान के अजीब उच्चारण और उन शब्दों की स्पेलिंग को समझने की कोशिश कर रहे हैं.. इधर मेरे बाएं कान में खुजली मची हुई है और मैं अपने नए खरीदे हुए रेनॉल्ड्स पैन के नीले ढक्कन से खुजली शांत कर रहा हूँ... क्लास के बाहर नज़र दौड़ाने पर मैं वही रोज़ जैसा माहौल पाता हूँ... स्कूल के साथ वाले नाले में बेशरम के पौधे फिर तेज़ी से बढ़ने लगे हैं.. उन पर हल्क़े नीले रंग के मगर फिर भी बदसूरत से फूल झूल रहे हैं.. कई बार इसी बेशरम की हरी डंडियों से मास्साब हमारी हथेलियां और पुट्ठे लाल कर चुके हैं.. सच तो यह कि मुझे इस हरी कच्च बेशरम से बेहद कोफ़्त होती है.. (क्रिकेट खेलते हुए हमारी कितनी ही गेंदें उस बेशरम के नीचे जमे गंदे बदबूदार कीचड मे...

जैक्सन जैसा कोई नहीं....

26 जून 2009, हर रोज़ की तरह ही सुबह-सुबह तैयार होकर ऑफिस के लिए निकलता हूं। सड़क पर आकर रिक्शा लिया ही था कि अपने दोस्त रामेश्वर मिश्रा का एसएमएस पाता हूं। पढ़ने पर पता चला कि किंग ऑफ पॉप नहीं रहे। पहले तो यकीन नहीं आया... क्योंकि कई बार एमजे की मौत पर इस तरह की ख़बरें सुन चुका था जो कि बाद में महज़ अफवाह साबित हुई। लेकिन बात एमजे की थी इसलिए वापस रामेश्वर को फोन लगाकर पूछता हूं। वो ख़बर को पुख़्ता बताता है.... वो भी बीबीसी के हवाले से। फिर भी पूरा यकीं नही आता और अपने मित्र और गुरु भूपेंद्र सोनी को फोन लगाकर टीवी देखने को कहता हूं और कुछ देर बाद वो ख़बर को सच बताते है। ऑफिस तक आते-आते कई सारे विचार आते है... सबसे पहला ये कि अपने शो में एमजे को किस तरह से आख़िरी सलाम दूं जबकि मेंरे पास सिर्फ एक दिन है। वहीं पहले से तैयार सारे पैकेजस भी बदलने पड़ते। ऑफिस के अंदर दाखिल होने पर पता चला कि अपने शो के अलावा शाम को भी माइकल पर आधे घंटे का स्पेशल करना है। आनन-फानन में लिखने बैठता हूं लेकिन दिल और दिमाग़ काम नहीं करता... और ना ही अंगुलिया चलती है की-बोर्ड पर। और चले भी कैसे ? माइकल जैसे महान औ...

ख़तरनाक है देशभक्ति फिल्मों के प्रति दर्शकों की उदासीनता

करीब 10 महीने बाद ब्लॉग लिखने बैठा हूं। आप समझिए कि बस इस कदर मजबूर हुआ कि रहा नहीं गया। बीते रविवार मुंबई में था जहां मैं आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘खेलें हम जी जान से’ देखने पहुंचा। गौरतलब है कि नौकरी छोड़ने के बाद मैने फिल्में देखना कम कर दिया है। बहुत सारे फिल्म पंडितों के विचार जानने और समीक्षाएं पढ़ने के बाद मैने फिल्म देखी। अफ़सोस केवल अजय ब्रह्मात्मज जी ने ही अपनी समीक्षा में फिल्म की प्रशंसा की। वहीं अंग्रेजी भाषा के सभी फिल्म समीक्षकों से तो आशुतोष की भरपूर आलोचना ही सुनने और देखने को मिली। फिल्म के निर्देशन, पटकथा, संवाद और लंबाई को लेकर सभी ने अपनी ज़ुबान हिला-हिला कर आशुतोष को कोसा। ये आलोचक भूल गए कि जो विषय परदे पर है वो अब से पहले अनछूआ था। जो किरदार आंखों के सामने हैं उनसे ये फिल्म पंडित खुद भी अंजान थे। क्या ये बड़ी बात नहीं कि श्रीमान गोवारिकर ने ऐसे ग़ुमनाम नायकों को सामने लाने की कोशिश की जिनसे हमारा परिचय ही नही था। सूर्ज्यो सेन का ज़िक्र इतिहास की किताबों में चार लाइनों से ज़्यादा नहीं है। बाकी के किरदार तो छोड़ ही दीजिए... क्योंकि इनसे तो सभी अनजान थे। दर्शक भी इ...